धान खरीदी में राज्य सरकार ने किसानों की संख्या और रकबे में की भारी बढ़ोतरी, धान समर्थन मूल्य पर खरीदी की तैयारी पूरी…

रायपुर /सुवर्ण कुमार भोई/: 14 नवंबर से राज्य में शुरू होने वाली धान खरीदी में इस बार राज्य सरकार ने 25,75,804 किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। पिछले वर्ष की तुलना में किसानों की संख्या में लगभग एक लाख की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, रकबे में भी 2 लाख हेक्टेयर का इजाफा हुआ है, जिसके बाद कुल रकबा 32,50,123.917 हेक्टेयर हो गया है। यह धान खरीदी अभियान 31 जनवरी 2025 तक जारी रहेगा।



कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जाएगी। इसके साथ ही, राज्य के सभी धान खरीदी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तुलाई मशीनों का उपयोग किया जाएगा ताकि धान की तुलाई में पारदर्शिता और सटीकता बनी रहे।



धान खरीदी के लिए अब तक एकीकृत किसान पोर्टल में 25,27,301 पुराने पंजीयन, 38,793 नए पंजीयन और 142 संस्थागत पंजीयन हो चुके हैं। इसके अलावा, सुगंधित धान के लिए 9,190 पंजीयन किए गए हैं, जिसमें से 60 नए पंजीयन हैं। फोर्टिफाइड धान के लिए 316 पंजीयन हो चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, पंजीयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद धान खरीदी में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।



राज्य सरकार ने धान खरीदी के लिए सभी तैयारियाँ लगभग पूरी कर ली हैं। किसानों से धान की खरीद में कोई देरी न हो, इसके लिए अधिकारियों ने पहले ही धान खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। 31 जनवरी 2025 तक किसानों से धान की खरीदी की जाएगी, और इसके बाद भुगतान की प्रक्रिया भी तेज़ी से पूरी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Latest