नेताजी की जयंती पर यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

बरमकेला/डोंगरीपाली/स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय डोंगरीपाली में आज नेताजी सुभाष चंद्र बोसजी की जयंती के साथ पुलिस थाना डोंगरीपाली के सहयोग से यातायात सुरक्षा नियम के तहत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

सुभाष चंद्र बोस जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य श्री उग्रसेन चौधरी जी के द्वारा मां सरस्वती एवं सुभाष चंद्र बोस जी के प्रतिमा पर पुष्प अर्पण कर किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती हेमलता मालाकार ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा भारत के सच्चे सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन के विषय में विस्तार से प्रकाश डालते हुए भारत की आजादी के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयासों के संबंध में विद्यार्थियों के समक्ष बात रखी। साथ ही नेताजी के द्वारा स्वतंत्रता के संदर्भ में दिए गए नारे ”तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” को सुना कर भारतीय स्वाधीनता के लिए उनके द्वारा लोगों को जोड़ने के आह्वान के तरीके समझाए। वहीं विद्यार्थियों को नेताजी के जीवन से सीख लेने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अगले चरण पर पुलिस थाना डोंगरीपाली के सहयोग से संस्थान स्तर पर यातायात सुरक्षा नियमों के तहत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा नवमी से 12वीं तक 10 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने यातायात एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित के विविध पहलुओं को रखकर अपना भाषण दिया। भाषण प्रतियोगिता में कुमारी अनिता दीप कक्षा 12वीं ने प्रथम पुष्पा यादव कक्षा 12वीं ने द्वितीय एवं प्रेमराज दीप कक्षा 12 वीं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ए.के. बैक जी ने हर विद्यार्थी को घर से विद्यालय आने-जाने में तथा परिजनों के साथ यात्रा करने में यातायात नियमों के पालन करने एवं सड़क मार्ग में बने संकेतों की पहचान करने के संबंध में बताया। यातायात के समय ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट, धीमी रफ्तार और बाम पथ पर चलन सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक बताया। इनके अतिक्रमण से दुर्घटना संभावित हो सकती है अतः सचेत रहकर यात्रा करने की सलाह दी। कार्यक्रम को स्थानीय संवाददाता एवं सक्रिय पालक सुवर्ण कुमार भोई ने भी संबोधित करते हुए भाषण प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों की उद्घोषणा की। अंत में व्याख्याता डोलामणी मालाकार ने शाला परिवार की ओर से पुलिस थाना डोंगरीपाली एवं संस्था के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में थाना डोंगरीपाली के सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार मानिकपुरी और संस्था में कार्य शिक्षकों में जसवंत सिंह, अमृतलाल बरिहा, राजीव कुमार पटेल, लखन कुमार पटेल, श्रीमती साधना सिंह, श्री संजय कुमार भोय एवं श्रीमती शशिप्रभा पटेल, भुवनेश्वर पटेल सहित सभी विद्यार्थियों की भूमिका सराहनीय रही।



