बरमकेला रेस्ट हाउस में श्रमजीवी पत्रकार संघ की बैठक संपन्न

संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के सम्मान पर हुआ मंथन
सुवर्ण कुमार भोई, बरमकेला।
छत्तीसगढ़ प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के बैनर तले बरमकेला ब्लॉक में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी के निर्देशानुसार, जिला अध्यक्ष गोल्डी नायक के मार्गदर्शन और ब्लॉक अध्यक्ष कबीर दास मानिकपुरी के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के पत्रकारों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आगामी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों की तैयारी पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष गोल्डी नायक ने पत्रकारों से संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ न सिर्फ पत्रकारों के अधिकारों की आवाज उठाता है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाता है।
सम्मान समारोह और वृक्षारोपण की घोषणा
ब्लॉक अध्यक्ष कबीर दास मानिकपुरी ने बताया कि बरमकेला क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं। आने वाले समय में पत्रकारों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, ताकि उनकी मेहनत और योगदान को समाज के सामने रखा जा सके। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकारों के विचार
वरिष्ठ पत्रकार मोहन नायक ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरें लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर पहलू को आईना दिखाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का सशक्त माध्यम है।
जिला कोषाध्यक्ष कैजार अली, सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष गोपेश द्विवेदी, प्रदीप नायक, राजू नायक, बरमकेला ब्लॉक प्रभारी अश्वनी साहू, ब्लॉक उपाध्यक्ष स्वर्ण कुमार भोई, अजय साहू और हेमेंद्र पटेल ने भी अपने विचार साझा किए। सभी ने संगठन की मजबूती और सक्रियता को समय की मांग बताया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक मंडल ने किया। अंत में सभी पत्रकारों ने संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट रहने का संकल्प लिया।



